कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों सदस्यों, नियोक्ताओं और पेंशनभोगियों के लिए सेवाओं को तेज, पारदर्शी और यूजर-फ्रेंडली बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। ये नई पहलें EPFO की अपने सभी हितधारकों को परेशानी मुक्त, सुरक्षित और कुशल सेवाएं देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
हाल ही में, EPFO ने KYC (नो योर कस्टमर) या सदस्य विवरण में सुधार, ट्रांसफर क्लेम की प्रक्रिया को सरल बनाने, ₹1 लाख तक के एडवांस क्लेम के ऑटो-सेटलमेंट (Auto-Settlement) की सुविधा बढ़ाने और पेंशन वितरण प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सेंट्रलाइज्ड पेंशन पेमेंट सिस्टम (CPPS) जैसे कई सर्कुलर जारी किए हैं।
EPFO के बड़े सुधार जो आपको जानने चाहिए:
-
₹1 लाख तक का एडवांस क्लेम अब तुरंत: बीमारी, आवास, शादी और शिक्षा जैसे आपातकालीन जरूरतों के लिए अब एडवांस क्लेम (Advance Claim) की ऑटो-सेटलमेंट सुविधा की सीमा को बढ़ाकर ₹1 लाख कर दिया गया है। इसका मतलब है कि अब इन क्लेम का निपटान बहुत तेजी से होगा। वित्तीय वर्ष 2024-25 में, इस सुविधा के कारण 2.34 करोड़ क्लेम का ऑटो मोड में निपटान किया गया। यह एक बहुत बड़ी राहत है!
-
ट्रांसफर क्लेम की प्रक्रिया हुई आसान: 15 जनवरी 2025 से ट्रांसफर क्लेम (Transfer Claim) की प्रक्रिया को काफी सरल बना दिया गया है। ज्यादातर मामलों में, अब नियोक्ता की मंजूरी (Employer Approval) की आवश्यकता को हटा दिया गया है, जिससे ट्रांसफर क्लेम का निपटान पहले से कहीं अधिक तेज हो गया है।
-
सदस्य प्रोफाइल सुधार भी आसान: आधार प्रमाणीकरण (Aadhaar Authentication) का उपयोग करके सदस्य प्रोफाइल में सुधार (जैसे नाम या अन्य विवरण) करने की ऑनलाइन सुविधा को सरल बनाया गया है। अब ज्यादातर मामलों में सदस्य प्रोफाइल सुधार के लिए आपको अपने नियोक्ता या EPFO कार्यालय पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
-
गलत सदस्य आईडी को डी-लिंक करें: ऑनलाइन डी-लिंकिंग सुविधा (De-linking Facility) ने सदस्यों को अपने UAN (यूनिवर्सल अकाउंट नंबर) से गलत सदस्य आईडी को हटाने में सक्षम बनाया है। इससे सदस्यों की शिकायतों में भी कमी आई है।
-
उमंग ऐप से UAN का आवंटन और एक्टिवेशन: अब UAN का आवंटन और एक्टिवेशन फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) का उपयोग करके उमंग ऐप (UMANG App) के जरिए किया जा रहा है। इसका फायदा यह है कि सदस्य को EPFO सेवाओं जैसे पासबुक देखना, KYC अपडेट करना, क्लेम करना आदि तक तुरंत पहुंच मिलती है।
-
क्लेम रिजेक्शन में कमी और तेजी से निपटान: EPFO ने ऑनलाइन दाखिल किए गए दावों के तेज निपटान और क्लेम के अस्वीकृत होने की दर को कम करने के लिए चेक लीफ/सत्यापित बैंक पासबुक की फोटोकॉपी अपलोड करने की आवश्यकता को खत्म कर दिया है।
-
बैंक अकाउंट जोड़ने के लिए नियोक्ता की मंजूरी की जरूरत नहीं: अप्रैल 2025 से, UAN के साथ बैंक अकाउंट की डिटेल्स को जोड़ने के लिए भी नियोक्ता की मंजूरी की आवश्यकता को हटा दिया गया है।
EPFO की चेतावनी: धोखेबाजों और एजेंटों से रहें सावधान!
इन सुधारों के साथ ही, EPFO ने अपने यूजर्स को एक महत्वपूर्ण चेतावनी भी दी है। यह देखा गया है कि कई साइबर कैफे ऑपरेटर्स या फिनटेक कंपनियां EPFO सदस्यों से उन सेवाओं के लिए बड़ी रकम वसूल रही हैं जो आधिकारिक तौर पर मुफ्त हैं।
कई मामलों में, ये ऑपरेटर्स सिर्फ EPFO के ऑनलाइन शिकायत पोर्टल का उपयोग कर रहे हैं, जिसका उपयोग कोई भी सदस्य अपने घर बैठे, मुफ्त में कर सकता है। EPFO अपने सभी हितधारकों को EPFO से संबंधित सेवाओं के लिए तीसरे पक्ष की कंपनियों या एजेंटों (Third-Party Agents) के पास जाने या उनसे जुड़ने के खिलाफ आगाह करता है। ऐसा करने से आपका वित्तीय डेटा थर्ड पार्टी संस्थाओं के सामने आ सकता है। ये बाहरी संस्थाएं EPFO द्वारा अधिकृत नहीं हैं, और वे अनावश्यक शुल्क ले सकती हैं या सदस्यों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा से समझौता कर सकती हैं।
EPFO के पास एक मजबूत शिकायत निगरानी और निवारण प्रणाली है। सदस्यों की शिकायतें CPGRAMS (केंद्रीयकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली) या EPFIGMS (ईपीएफओ शिकायत प्रबंधन प्रणाली) पोर्टल पर रजिस्टर की जाती हैं, और समयबद्ध तरीके से उनके समाधान होने तक उनकी निगरानी की जाती है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में, EPFIGMS में कुल 16,01,202 शिकायतें और CPGRAMS में 1,74,328 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 98% शिकायतों का समय सीमा के अंदर निवारण किया गया।
EPFO अपने सभी सदस्यों, नियोक्ताओं और पेंशनभोगियों को EPFO पोर्टल (www.epfindia.gov.in) और उमंग ऐप (UMANG App) के जरिए उपलब्ध ऑनलाइन सेवाओं का ही उपयोग करने की सलाह देता है।
EPFO की ये सभी सेवाएं हैं बिल्कुल मुफ्त!
क्लेम फाइलिंग, ट्रांसफर, KYC अपडेशन और शिकायत प्रक्रिया सहित सभी EPFO सेवाएं पूरी तरह से मुफ्त हैं। सदस्यों को उन सेवाओं के लिए किसी भी तीसरे पक्ष के एजेंटों या साइबर कैफे को कोई शुल्क नहीं देना चाहिए, जिन्हें आसानी से ऑनलाइन हासिल किया जा सकता है। इसके अलावा, सदस्य किसी भी प्रकार की समस्या के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर लिस्टेड क्षेत्रीय कार्यालयों में EPFO हेल्पडेस्क/पीआरओ से सीधे संपर्क कर सकते हैं।